Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक बड़े ठगी मामले में कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में ठगी के 1.86 लाख रुपये आए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-37 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 7 अगस्त 2024 को उसके पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम अथॉरिटी का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके नाम से एक नया मोबाइल नंबर जारी हुआ है, जिससे गैरकानूनी संदेश भेजे जा रहे हैं।
इसके बाद कॉल को कथित मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी से जोड़ दिया गया। उस “अधिकारी” ने शिकायतकर्ता को डराया कि उसके नाम पर मुंबई के HDFC बैंक में खाता है, जिसमें 6 करोड़ 80 लाख रुपये अवैध रूप से जमा हुए हैं। ठगों ने उसे गिरफ्तार करने की धमकी दी और बैंक खातों की जानकारी मांगते हुए पैसे ट्रांसफर करने को कहा।
डर के कारण शिकायतकर्ता ने पहले 1,86,000 रुपये और बाद में 9,50,000 रुपये ठगों के बताए खातों में भेज दिए। जब ठगों ने और पैसे की मांग की, तो पीड़ित ने मामला साइबर थाना सेंट्रल में दर्ज कराया।
जांच के दौरान पुलिस ने सूरज (22 वर्ष), निवासी गुजरात को गिरफ्तार किया, जो उस बैंक खाते का धारक है, जिसमें ठगी के पैसे आए थे। पूछताछ में पता चला कि सूरज ने अपना खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दिया था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा सके।

