Faridabad/Alive News: श्री सिद्धपीठ हनुमान मंदिर मार्किट नंबर एक और पंजाबी सभा फरीदाबाद के दिशानिर्देश में आयोजित दशहरा पर्व बड़ी ही धूमधाम से सम्पन्न हुआ। सुबह से ही दशहरा मैदान में रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों को खड़ा कर दिया गया था, जिसे देखने के लिए जगह जगह से लोगों की भारी भीड़ आई थी।
मंदिर के प्रधान राजेश भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि दशहरा के इस पर्व की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे आर्य समाज मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो हनुमान मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। इस यात्रा में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक झांकियां शामिल थीं, जिनका जगह-जगह स्वागत किया गया।
शाम होते ही रावण दहन का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर, बडखल के विधायक धनेश अदलखा तथा पूर्व विधायक चंद्र भाटिया ने शिरकत की। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों ने मिलकर तीर चलाकर सूर्यास्त के समय रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 75वां दशहरा पर्व मनाया गया, जिसे लेकर मंदिर समिति, पंजाबी सभा के सदस्य और पदाधिकारी रातभर तैयारियों में जुटे रहे। उन्हें इस कार्यक्रम में प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिला। आयोजकों ने लोगों से भाईचारे के इस पर्व को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया।

