Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश का लालच देकर की गई बड़ी ठगी का खुलासा किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सेक्टर-35 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसे एक महिला ने खुद को अपस्टॉक्स कंपनी की कर्मचारी बताकर कॉल किया। महिला ने उसे 10 गुना मुनाफा कमाने का लालच दिया। लालच में आकर उसने पैसे निवेश करना शुरू कर दिया। इसके बाद ठगों ने बातों में फंसाकर उससे शेयर खरीदने और आईपीओ में निवेश करने के नाम पर कुल 62.50 लाख रुपये हड़प लिए।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने रहमत नगर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले नाजीर हुसैन, मोहम्मद अफजल और फराज अहमद को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि अफजल उस खाते का धारक है जिसमें ठगी के 46 हजार रुपये आए थे। यह खाता फराज अहमद ने खुलवाया था, जिसमें उसने नाजीर हुसैन का मोबाइल नंबर दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है।

