March 10, 2026

मां वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्रि की तैयारियां जोर-शोर से शुरू

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के तिकोना पार्क स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर  तैयारियां बड़े धूमधाम से शुरू हो गई हैं। मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। मां वैष्णो देवी के दरबार में श्रद्धालुओं के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी प्रबंध शुरू कर दिए हैं। साफ-सफाई, जल व प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंदिर के पुजारी पंडित कृष्णा कांत पांडेय ने बताया कि नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा करने से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है। नवरात्रि का ये पर्व 22 सितंबर से 1 अक्टूबर तक रहेगा। नवरात्रि के पहले दिन यानी 22 सितंबर सोमवार को सुबह साढ़े सात से नौ बजे तक राहुकाल रहेगा तो इस समय से पहले या बाद में अपने घरों में माता की मूर्ति स्थापित करे।  इस साल मां दुर्गा हाथी पर सवार होंगी जो बहुत अच्छा योग है इससे भक्तों के जीवन में सुख और समृद्धि आएगी। 

सोमवार को सुबह मंदिर में महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली जाएगी। आठ बजे माता की जोत को प्रज्वलित किया जाएगा साथ ही नवरात्रि के इन नौ दिन सात से ग्यारह बजे तक मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक दिन माता को अलग – अलग तरह के पकवानों का भोग लगाया जाएगा बाद में उसी भोग को प्रसाद के रूप में आने वाले श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा।