Faridabad/Alive News: फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 अलग-अलग मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2 देसी कट्टे, 1 देसी पिस्टल और 1 कारतूस बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की पुलिस ने उज्जवल (23) और उमेश (21), दोनों निवासी गांव फतेहपुर चंदीला को पकड़ा। उज्जवल के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
वहीं, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने तुषार (21) निवासी अलवर (राजस्थान) को सेक्टर-62 से और भारत (21) निवासी बल्लभगढ़ को उनके इलाके से गिरफ्तार किया। तुषार से भी एक देसी कट्टा मिला।
इसके अलावा, क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने बदरपुर बॉर्डर से महेश (27) निवासी भूपानी को एक देसी पिस्टल और एक कारतूस सहित पकड़ा। इसी पुलिस ने विजयपाल (46) निवासी पल्ला को गांव डुंगरपुर से और रामकरण निवासी सेहतपुर पल्ला को पल्ला क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि रामकरण से और पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

