Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर ARIYA INTERNATIONAL HR PVT LTD नामक कंपनी का विज्ञापन देखा। इसमें विदेश में नौकरी दिलाने का दावा किया गया था। शिकायतकर्ता ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जहां आरोपियों ने वीजा और टिकट की शर्त पर पैसे मांगे।
पीड़ित ने अपने सभी दस्तावेज भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने अल्बानिया का फर्जी वीजा और टिकट भेजकर पहले 40 हजार रुपये और फिर नौकरी का ऑफर लेटर व टिकट भेजकर 1,19,000 रुपये ले लिए। लेकिन जब 15 अगस्त को वह एयरपोर्ट पहुंचा, तो उसे पता चला कि उसका वीजा और टिकट नकली हैं।
शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने करनाल निवासी एक महिला (काल्पनिक नाम हरजीत), मुजफ्फरनगर निवासी साजिद (40) और आरिफ खान (41) को जयपुर से गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपियों ने दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में ऑफिस खोल रखा था, जहां से वे विदेश भेजने के नाम पर लोगों को ठगते थे और समय-समय पर ऑफिस बदल देते थे। हरजीत के खाते में 40 हजार रुपये भी आए थे।
फिलहाल तीनों आरोपियों को अदालत से पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

