March 10, 2026

फरीदाबाद साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 32 आरोपी गिरफ्तार, 27.69 लाख बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 27,69,249 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त साइबर अभिषेक जोरवल के नेतृत्व में 6 से 12 सितम्बर तक चली इस कार्रवाई में 10 मुकदमों का निस्तारण किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान 452 शिकायतों का समाधान किया गया, जिनमें से 4,25,979 रुपये रिकवर किए गए और 11,43,970 रुपये खातों में फ्रीज कराए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवराम, सीताराम चौधरी, अशोक यादव, प्रवीन चौधरी, सरफराज, खालिद, राशिद, गौरव कुमार, पवन कुमार, हरिश वर्मा, मुजफ्फर हुसैन, विकाश सिंह, प्रकाश चौधरी, रामप्रीत सिंह, पीयुष, एलिस नजमुदीन हिरानी, शाहरूख, जुबैर, मौसम, कुनाल, रेणु, आकाश कुमार, सुनील, अजय गुर्जर, राजेश मेघवाल, सुरज कुमार, सोनु, चंदवीर सिंह, अमन शाह, शहनवाज अहमद, आशीष कुमार और आकिब खान शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी करते हैं। पहले थोड़ा फायदा दिखाकर लोगों को फंसाते हैं और बाद में उनकी पूंजी हड़प लेते हैं।

फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लालच में न आएं, जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक पर भरोसा न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।