Faridabad/Alive News: सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन डॉ. एम.पी. सिंह ने आईएमटी स्थित फायर ब्रिगेड ट्रेनिंग सेंटर में पूरे हरियाणा से आए फायर अधिकारियों को प्राथमिक उपचार (First Aid) का प्रशिक्षण देकर विश्व प्राथमिक चिकित्सा दिवस मनाया।
इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि दुर्घटना या आपात स्थिति में सही प्राथमिक सहायता देकर कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। प्राथमिक सहायता देना इंसानियत और साहस का काम है।
उन्होंने फायर अधिकारियों को बताया कि अगर कोई व्यक्ति सांस नहीं ले रहा हो और बेहोश हो तो उसे कोई खाना या पेय पदार्थ नहीं देना चाहिए। तुरंत सीपीआर (CPR) देना चाहिए और इसे तब तक जारी रखना चाहिए जब तक उसकी सांस सामान्य न हो जाए।
डॉ. सिंह ने हार्ट अटैक, सर्वाइकल अटैक, मिर्गी का दौरा, पानी में डूबना, बिजली का झटका, जलना-झुलसना, हड्डी टूटना, सांप या बिच्छू के काटने, तेज बुखार, उल्टी-दस्त, जहरीला पदार्थ पी लेने, सल्फास की गोली खाने, मिट्टी का तेल पी लेने, बिस्तर के घाव, गनशॉट व चाकू के घाव जैसी परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि खून को कैसे रोका जाए और घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल तक सुरक्षित कैसे ले जाया जाए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में डॉ. सिंह ने सभी को प्राथमिक चिकित्सा के महत्व को जीवन में अपनाने की अपील की।

