March 11, 2026

औचक निरीक्षण में लापरवाही पकड़ी, निगम आयुक्त ने जेई को किया सस्पेंड, एसडीओ को नोटिस

Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने रविवार को गांव बुढ़ेना स्थित बूस्टिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी के ढेर और खुले मेन ढक्कन सहित कई लापरवाहियां मिलीं। इस पर आयुक्त ने संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को तुरंत सस्पेंड करने और एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अभियान तेज़ी से चल रहा है और किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद उन्होंने बायपास रोड और मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के पास बने कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की प्रशासक अनुपमा अंजली, इंजीनियरिंग विंग और सफाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

अनुपमा अंजली ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचएसवीपी के सभी सेक्टर में विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि फरीदाबाद स्वच्छता में नंबर वन शहर बन सके।