March 10, 2026

यमुना प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को मिलेगा राहत: डीसी 

Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यमुना नदी के पानी से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों की क्षतिपूर्ति हेतु ऑनलाइन पोर्टल खोला जा चुका है। इस पोर्टल के माध्यम से किसान अपनी फसल को हुए नुकसान का पंजीकरण कर क्षतिपूर्ति का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि प्रशासन ने सभी राजस्व अधिकारियों और पटवारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि चिन्हित किए गए 27 बाढ़ प्रभावित गांवों तथा 14 अति संवेदनशील गांवों में आवश्यक कार्रवाई की जाए। इनमें विशेष रूप से बसंतपुर, किडावली, लालपुर, महावतपुर, राजपुर कलां, तिलोरी खादर, अमीपुर, चिरसी, मंझावली, चांदपुर, मोठुका, अरुआ, छांयसा, मोहना, ददसिया, जसाना और कांवरा गांव शामिल हैं।

डीसी ने कहा कि इन क्षेत्रों में यमुना नदी के पानी से फसलों को नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों तक सूचना समय पर पहुंचाने के लिए आज ही सभी गांवों में मुनादी करवाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक क्षेत्र में इस मुनादी की विडियोग्राफी भी अनिवार्य रूप से करवाई जाएगी ताकि कार्यवाही में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।