Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेंट्रल की पुलिस ने प्लॉट विवाद से जुड़े गोलीकांड और मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता नितिन, निवासी तिगांव ने बताया कि 26 जून को उनके पिता अनाज मंडी वाले प्लॉट पर गए थे, जहां कुछ लोगों ने पिस्तौल, हथौड़े और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें गोली लगी और गंभीर चोटें आईं। इस पर थाना तिगांव में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तरुण और रूपेश, दोनों निवासी गांव सोतई, को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि पीड़ित और नगेंद्र के बीच प्लॉट को लेकर विवाद था। नगेंद्र के भांजे मोहित के कहने पर भारत उर्फ भालू ने तरुण और रूपेश को बुलाकर पीड़ित सुमेर पर हमला करवाया। दोनों ने हथौड़े और रॉड से हमला किया, जबकि भालू ने गोली चलाई।
इस मामले में मोहित, भालू समेत चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। तरुण और रूपेश को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

