Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद व्यापार मंडल के प्रधान और उसके बेटे पर अस्पताल में घुसकर कुछ लोगों ने लाठी डंडे और राॅड से हमला कर दिया। इस मारपीट में प्रधान के भांजे भी बुरी तरह से जख्मी हो गए। आरोपितों ने पीड़ित की गाड़ियों को भी बुरी तरह से तोड़ दिया।
आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग प्रधान के बेटे का अपहरण करना चाहते थे लेकिन सफल नहीं हो सके। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 10 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपित दूध कारोबारी बताया जा रहे हैं। पीड़ित के प्लाॅट पर भैंस बांधने को लेकर पहले भी आरोपितों का पीड़ित से झगड़ा हुआ था।
अचानक 10 लोगों ने किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-16 में रहने वाले शीतल जैन ने बताया कि उनकी खेड़ी पुल के पास पेंट्स की दुकान है। वह ग्रेटर फरीदाबाद स्थित व्यापार मंडल के प्रधान भी है। पलवल स्थित बावनीखेड़ा में रहने वाली उनकी बहन गीता देवी को अपने कुल्हे का आपरेशन करवाना था। उनको करीब चार दिन पहले खेड़ी पुल स्थित राघव अस्पताल में दाखिल किया गया था।
इस दौरान उनका भांजे तनुज और अरुण भी फरीदाबाद आए हुए थे। दोनों अपनी मां के साथ अस्पताल में ही थे। शुक्रवार रात 11 बजे वह अपनी बहन को कुछ रुपये देने के लिए अस्पताल गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी को बाहर खड़ा कर दिया। करीब 20 मिनट बाद ही 10 लोगों ने अस्पताल में घुसकर शीतल जैन और उनके बेटे रक्षक पर हमला कर दिया।
गला दबाकर मारने का प्रयास
आरोपितों ने शीतल और उनके बेटे को बुरी तरीके से मारा। बीच बचाव करने आए भांजे तनुज और अरुण का भी सिर फोड़ दिया। अस्पताल में मारपीट देखकर मरीज भी पूरी तरह से सहम गए। कारोबारी ने आरोप लगाया कि बदमाश उनके बेटे का अपहरण करना चाहते थे। उन्होंने उनके बेटे का गला दबाकर मारने का प्रयास भी किया।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को फोन किया गया। पुलिस के आने से पहले ही बदमाश मौके से फरार हो गए। आरोपितों ने कारोबारी की गाड़ी को भी बुरी तरीके से तोड़ दिया। अस्पताल के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। खेड़ीपुल थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की तलाश की जा रही है।

