March 10, 2026

डेढ़ लाख की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथों गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में शराब ठेकों को न तोड़ने की एवज में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक जेई को एंटी करप्शन ब्यूृरो ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसने इस काम के लिए छह लाख मांगे थे, लेकिन पांच लाख में सौदा तय हो गया।

ब्यूरो पता करेगी कि रिश्वत वाले मामले में और कौन-कौन शामिल हैं। इसमें और भी अधिकारी लपेटे में आ सकते हैं क्योंकि जेई अपने स्तर पर यह रिश्वत नहीं ले रहा होगा। फिलहाल ब्यूरो उससे पूछताछ कर रही है। 

शराब ठेकेदार गोपाल ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसने और पार्टनरों ने जिले में छह शराब के ठेके लिए हुए हैं। शराब ठेके चलाने के लिए उसने अशोका एन्क्लेव, मलेरना गांव व शाहपुर जाटा चौक पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से व अन्य तीन दुकान बजरंग चौक, ऊंचा गांव व मलेरना रोड पर निजी लोगों से किराये पर ली थी। शाहपुर जाटा चौक व मलेरना गांव की दो दुकानों में खुले शराब ठेकों को हटाने के लिए प्राधिकरण ने उसे नोटिस भेजा था।

वहीं, इस संबंध में वह प्राधिरकण के जेई नरेश कुमार से मिला। उसने ठेका चलाने और दुकानों को न तोड़ने की एवज में प्रति दुकान तीन-तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगी। लेकिन उसने रिश्वत नहीं दी तो जेई नरेश कुमार ने 19 अगस्त को दोनों दुकानें तोड़ दी थी। इसके बाद वह फिर से प्राधिकरण पहुंचा और जेई से मिला।

जेई ने उससे कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह अशोका एन्क्लेव और ऊंचा गांव में शराब ठेकों को भी तोड़ देगा। उसने दुकान न तोड़ने के लिए छह लाख मांगे। बाद में पांच लाख रुपये में सौदा तय हो गया। लेकिन पीड़ित ने एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत देकर जेई को डेढ़ लाख की रिश्वत देते हुए पकड़वा दिया।