March 10, 2026

हमले के बाद दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को जेड सिक्योरिटी

Delhi/Alive News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को केंद्र सरकार ने जेड कैटेगरी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की है। सीएम सिक्योरिटी में 22 से 25 हथियारबंद जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।

गुप्ता और उनके आधिकारिक आवास की सुरक्षा अर्धसैनिक बल का वीआईपी सिक्योरिटी ग्रुप करेगा। यह ग्रुप केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सोनिया-राहुल और प्रियंका गांधी की सुरक्षा में भी तैनात है।

दरअसल, सीएम रेखा पर 20 अगस्त की सुबह करीब 8.15 बजे जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला राजेशभाई खीमजी है, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था।

आरोपी को बुधवार रात दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में एक मजिस्ट्रेट के घर पर पेश किया गया। इसके बाद उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। राजेश पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

गुजरात में भी राजेश पर चाकूबाजी समेत 5 केस पहले से दर्ज हैं। हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान उसके पास कोई हथियार नहीं मिला। इंटेलिजेंस ब्यूरो और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल उससे पूछताछ कर रही है।

जनसुनवाई में शिकायतकर्ता बनकर पहुंचे राजेश ने सीएम को कागज देते समय उसने हमला किया। हमले में चोटिल सीएम रेखा के हाथ, कंधे और सिर पर चोटें आईं हैं। फिलहाल वे घर से काम कर रही हैं।

हमले से एक दिन पहले आरोपी ने रेकी भी की थी

आरोपी राजेशभाई ने हमले के पहले सीएम रेखा गुप्ता के शालीमार बाग स्थित आवास की रेकी की थी। 19 अगस्त को सीएम के आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी दिखा था। सीसीटीवी फुटेज में वह किसी से फोन पर बात करते हुए दिखाई दे रहा था। फिर फोन से लगातार सीएमआवास के बाहर रिकॉर्डिंग करता दिखा।

एक और सीसीटीवी फुटेज में वह मुख्यमंत्री के निजी आवास स्थित ऑफिस के अंदर बैठकर वीडियो रिकॉर्ड करता हुआ दिखाई दिया। सूत्रों ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन से जनसुनवाई कार्यक्रम के दो वीडियो भी मिले हैं।