March 10, 2026

विशेष पोषाहार वितरण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

Faridabad/Alive News: आज बुधवार को जिला रैड क्रॉस सोसाइटी ने संचालित अन्नदान- महादान मुहिम के तहत  विक्रम सिंह उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रैड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के मार्गदर्शन मे रैडक्रॉस भवन सेक्टर-12 फरीदाबाद मे जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद और विक्टोरा फाउंडेशन फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में  विक्टोरा फाउंडेशन के संस्थापक अमितबीर सिंह बांगा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक के 100 मरीजों को विशेष पोषाहार वितरण किया तथा 140 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे अमितबीर सिंह बांगा  ने शिरकत की। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा अपने जन्मदिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए कार्यालय जिला रेडक्रॉस भवन के पार्क में पौधरोपण किया तथा अपने  संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण को आदत बनाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण दे सकें |

इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा टी बी के मरीजों को पोषाहार वितरण करते हुए अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री मंत्री जी का सपना है कि वर्ष 2025 तक भारत वर्ष को टीबी मुक्त बनाना है तथा सभी प्रधानमंत्री जी के सपने को सभी समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही पूर्ण किया जा सकता है। अतः इस मुहिम को सार्थक करते हुए  फरीदाबाद की स्वयंसेवी संस्था अहम भूमिका निभा रही है।

विशेष अतिथि अजय सोमवंशी (सी एस आर) हेड विक्टोरा फाउंडेशन  द्वारा जिला रैड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित मुहिम को बहुत ही सार्थक बताते हुए तपेदिक के रोगियों से अपील करते हुए कहा कि तपेदिक रोग लाइलाज नहीं है यदि इसकी पूरी दवाइयों का सेवन पूर्ण रूप से किया जाए । उन्होंने यह भी आश्वासन दिया की जिला रेड क्रॉस सोसाइटी जब भी टी बी के रोगियों के लिए ऐसा कोई कार्यक्रम करेगी तो विक्टोरा फाउंडेशन सदैव अपना सहयोग देगी।

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने बताया कि तपेदिक की बीमारी  खतरनाक जरूर है, परन्तु लाइलाज नहीं है इस बीमारी का सफल इलाज यही है कि दवाई के साथ-साथ पौष्टिक आहार ले और समय-समय पर अपनी जांच कराए। उन्होंने बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह रोग एक खतरनाक संक्रामक रोग है सही समय पर इसका ईलाज नहीं होने पर यह जानलेवा हो सकती है। इसलिए अपने आप को इस बीमारी की चपेट में आने से बचाने के लिए आपको इसके बारे में पूरी जानकारी होना बहुत जरूरी है। जिससे आप खुद व अपने परिवार को इस जानलेवा रोग की चपेट में आने से बचा सकें।

 प्रताप सिंह सेवानिवृत्त अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि तपेदिक के लक्षणों की पहचान करके तत्काल प्रभाव से इलाज बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी तपेदिक रोगियों को विशेष पोषाहार लेने पर बल दिया तथा खाने में उन फल और सब्जियों को शामिल करें जो कि आपको अंदर से सेहतमंद रखें और शरीर की ताकत बढ़ाए।

 पुरुषोत्तम सैनी , कार्यक्रम संयोजक, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा मंच का संचालन करते हुए सभी तपेदिक रोगियों को माननीय प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार वर्ष 2025 तक देश को टी बी मुक्त बनाने के लिए सभी उपस्थित तपेदिक रोगियों को शपथ दिलवाई।

विमल खंडेलवाल संरक्षक रैडक्रॉस ने सभी उपस्थित तपेदिक रोगियों से अपील करते हुए कहा कि तपेदिक के रोगी को दवाइयों का नियमित सेवन करना जरूरी है जिससे कि बीमारी से छुटकारा पाया जा सके।

इस अवसर पर उपस्थित जसवंत पंवार पार्षद व सांसें फाउंडेशन के संस्थापक द्वारा बताया कि विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा फरीदाबाद शहर को हरा भरा करने हेतु शहर में अनेकों पेड़ समय समय पर लगाए जाते है। विक्टोरा फाउंडेशन का पर्यावरण को बचाने में अहम योगदान है |

इस मौके पर कार्यक्रम में मुख्य रूप से कमलेश शास्त्री मंडल बाल कल्याण अधिकारी गुरुग्राम,बिरेन्द्र गौड उप संरक्षक, रेडक्रॉस सोसायटी उपस्थित रहे तथा सुगम, मनदीप, सुमित, युवराज, सुशील, रामबरन यादव, राजेश कुमार, रामकिशोर,बृजमोहन शर्मा, प्रेम, रानी, परवीन व अन्य रेडक्रॉस स्टाफ ने पूर्ण सहयोग दिया।