March 10, 2026

बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए तय हुए नए रेट, जल्द शुरू होगा अभियान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम ने शहर को बेसहारा पशुओं से मुक्त करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। निगम ने उन संस्थाओं के लिए रेट तय कर दिए हैं जो पशुओं को पकड़कर उन्हें गौशालाओं तक पहुंचाने का काम करेंगी। यह फैसला नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर लिया गया है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अब जो भी संस्था नगर निगम की शर्तों को पूरा करती है, वह इस अभियान में शामिल हो सकती है।

नगर निगम द्वारा तय किए गए नए रेट के अनुसार, एक बेसहारा गाय को पकड़ने पर 1100 रुपये, बैल के लिए 1200 रुपये, बछड़े के लिए 800 रुपये और उत्तेजित या बीमार पशु को पकड़ने पर 1300 रुपये दिए जाएंगे। फिलहाल दो संस्थाएं इस काम के लिए आगे आई हैं और नगर निगम की दो गाड़ियां इस कार्य में लगी हुई हैं। जैसे ही और संस्थाएं जुड़ेंगी, यह संख्या छह से अधिक हो जाएगी और शहर से आवारा पशुओं को हटाकर उन्हें गौशालाओं में पहुंचाया जाएगा।

डॉ. परवाल ने बताया कि जल्द ही बड़े स्तर पर यह अभियान शुरू किया जाएगा ताकि शहर की सड़कों को बेसहारा पशुओं से मुक्त किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई अन्य संस्था इस काम में भाग लेना चाहती है तो वह नगर निगम कार्यालय में आवेदन कर सकती है और आयुक्त या स्वास्थ्य अधिकारी से संपर्क कर सकती है।