March 8, 2026

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर फरीदाबाद में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

Faridabad/Alive News: हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने आज आगामी 14 अगस्त को फरीदाबाद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह कार्यक्रम दशहरा ग्राउंड, फरीदाबाद में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ अनेक मंत्री, विधायक और सांसदों के भी उपस्थित रहने की संभावना है।

डॉ. मिड्ढा ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देशवासियों, विशेषकर युवाओं को विभाजन की त्रासदी एवं उससे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं से अवगत कराना है। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ियों को इतिहास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि कार्यक्रम से पहले 6 से 8 अगस्त तक जिलेभर में संगोष्ठियों, चित्र प्रदर्शनी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 14 अगस्त की सायं ‘मौन पद यात्रा’ भी आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी जोर-शोर से मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत 10 से 13 अगस्त तक जिले के प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, शहीदों की प्रतिमाओं एवं महापुरुषों के स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा तथा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष के साथ पूर्व सांसद संजय भाटिया, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, तथा प्रदेश क्लस्टर हेड जगदीश चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।