March 7, 2026

फरीदाबाद: सरकारी स्कूल में छात्राओं से बर्तन धुलवाने का वीडियो वायरल, जांच में जुटे अधिकारी

Faridabad/Alive News: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-8 में छात्राओं से बर्तन धुलवाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो देख शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच में जुट गए हैं। मामले की रिपोर्ट स्कूल के प्रिंसिपल से मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 

जिले के सरकारी स्कूलों में बच्चों से गैर शैक्षणिक कार्य कराने का यह कोई नया वीडियो नहीं है। इससे पहले भी स्कूल में बच्चों से झाड़ू लगवाने और मिट्टी ढोने का वीडियो सामने आ चुका है। छांयसा के राजकीय माडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला में बच्चों द्वारा मिट्टी उठाकर गड्ढे भरने का मामला 15 मई को सामने आया था। मामले पर  जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह को रिपोर्ट तलब किया था। अधिकारियों ने दावा किया था कि बच्चे अपनी मर्जी से मिट्टी उठा रहे थे। अध्यापकों ने जैसे ही देखा बच्चों को रोक दिया था। इसी बीच एक ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इससे पहले पांच अप्रैल को सारन के सरकारी स्कूल में छात्रों द्वारा झाड़ू लगवाने और कूड़ा उठाने का वीडियो वायरल हुआ था। इस तरह से सरकारी स्कूलों से वीडियो वायरल होने से अभिभावकों ने शिक्षा विभाग पर सवाल उठा रहे हैं।

स्कूल के प्रधानाचार्य जयप्रकाश से मांगी रिपोर्ट 

वायरल वीडियो के अनुसार स्कूल में छात्राएं मिड डे मील का खाना खाने के बाद बर्तन धोने चली गईं। कुछ छात्राओं के बर्तन धोते हुए की वीडियो किसी ने रिकार्ड कर ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अधिकारियों ने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शनिवार को स्कूल के प्रधानाचार्य जयप्रकाश मामले की रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपेंगे। बल्लभगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह ने पूरे मामले पर अलाइव न्यूज की संवाददाता को बताया कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं द्वारा बर्तन धोने की वीडियो देखी है। मामले की जांच की जा रही है। प्रधानाचार्य से जवाब मांगा गया है।