Uttar Pradesh/Alive News: लखनऊ में मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या की गई। प्रेमी के साथ मिलकर मां ने छह साल की बेटी को मार डाला। 36 घंटे तक मां और प्रेमी ने मामला दबाए रखा। इस दौरान शव के सामने ही मां ने प्रेमी के साथ पार्टी भी की। पति को फंसाने के लिए आरोपी मां ने ये सारा खेल रचा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक बेरहम मां पर मासूम बच्ची को बर्बरता से मार डालने का आरोप है। जन्म देने वाली मां पर ही मासूम को प्रेमी के साथ मौत के घाट उतारने का आरोप लगा। कत्ल करते समय मां का दिल भी नहीं पसीजा। हत्या 36 घंटे पहले हुई, पुलिस को सूचना साजिश के तहत बाद में दी गई।
दरअसल, मासूम बेटी सोना की हत्या रविवार को ही कर दी गई थी। इसके बाद आरोपी पत्नी रोशनी ने पति शाहरूख को फंसाने की साजिश रची। शाहरूख जब सोमवार रात बेटी से मिलने पहुंचा तो पत्नी रोशनी से झगड़े के कारण वापस चला गया।
इसके बाद रोशनी ने हत्या की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे में तेज बदबू आ रही थी। शव में कीड़े पड़ चुके थे। रोशनी ने जब रात में शाहरूख पर हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस को शक हुआ। शव की हालत देखकर यह कहीं से नहीं लग रहा था कि हत्या चंद घंटे पहले की गई हो। यही वजह है कि पुलिस ने रोशनी को केस दर्ज कराने के लिए थाने चलने के लिए कहा। प्रेमी उदित को भी थाने ले जाया गया। शुरू में रोशनी पुलिस को गुमराह करती रही।
उधर, उदित से पुलिस ने पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने हत्या की कहानी बयां कर दी। आरोपी ने बताया कि उन्होंने रविवार को ही सोना की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई है कि हत्या के 36 घंटे बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई थी।डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। शव के सड़ जाने के कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है। सोना के गले, नाक, मुंह और सीने पर चोट के निशान मिले हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोशनी की उसके पति से पिछले दो साल से अनबन है। रोशनी प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही है। सोमवार रात को शाहरूख बेटी से मिलने आया था। इसी दौरान पति पत्नी में विवाद हो गया। झगड़े के बाद शाहरूख चला गया। शाहरुख ने पुलिस को रात का घटनाक्रम बताया। पुलिस ने शाहरूख की लोकेशन निकलवाने के बाद शक पर रोशनी और उदित से पूछताछ की। रोशनी लगातार अपने बयान बदलती रही। पुलिस ने सख्ती की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस की पूछताछ में रोशनी ने बताया कि वह शाहरूख को जेल भिजवाना चाहती थी। इसके लिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

