March 7, 2026

आदित्य से लव मैरिज, फिर करन से अफेयर, घर छोड़ प्रेमी संग भागी; ढूंढकर पति ने की हत्या

Uttar Pradesh/Alive News: हाथरस में हुए गौरी हत्याकांड में पुलिस ने पति और दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उसके प्रेमी को हिरासत में लिया हुआ है। पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है

हाथरस के सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला कली में बृहस्पतिवार की दोपहर हुई गौरी की हत्या और एक हमलावर के भी मारे जाने की घटना में पुलिस ने मृतका के पति और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गौरी के पिता की ओर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में घटना में मारे गए अमन को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने गौरी के प्रेमी करन को भी हिरासत में ले रखा है।

नुमाइश रोड अलीगढ़ निवासी गौरी के पिता राजू ने थाने पर दी तहरीर में गौरी के पति आदित्य कुमार उर्फ जीतू एवं अमन निवासी नसरतपुर जिला कासगंज एवं रिंकू नगला भवानी जिला कासगंज और एक अज्ञात को नामजद किया गया है। इन पर गौरी की चाकू से गोद कर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गौरी ने साढ़े तीन साल पहले आदित्य उर्फ जीतू के साथ प्रेम विवाह किया था और उसके साथ रह रही थी। आदित्य को शराब एवं गांजा पीने की आदत लग गई थी। वह अपनी पत्नी से मारपीट करता था

उसी दौरान गौरी की करन से मुलाकात हो गई। वह 26 जून को करन के साथ भाग आई। करन अपना गांव छोड़कर अपने मौसा रंजीत निवासी नगला कली में रहने लगा। बृहस्पतिवार की दोपहर आदित्य और उसके तीन साथियों ने नगला कली में आकर गौरी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस गौरी की हत्या के आरोपी में पति और उसके दोस्तों की तलाश कर रही है। अमन के शव को आगरा में और गौरी के शव को हाथरस में पोस्टमार्टम के लिए भेज गया था।

अमन के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि हत्यारोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। इस मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

शुक्रवार को गौरी का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद पिता राजू बेटी के शव को लेकर अलीगढ़ चले गए। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, चाकू के वार से गौरी का लिवर फट गया था, जिससे बहुत खून बह गया। लिवर फटने और ज्यादा खून बहने की वजह से गौरी की मौत हुई थी।