Faridabad/Alive News: : गांव में तोड़फोड़ रोकने और लाल डोरा विकसित करने की मांग को लेकर अनंगपुर और आस पास के गांवों के लोग बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के कार्यालय पर पहुंचे। मंत्री ने आश्वासन दिया कि गांव में तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं होगी। आश्वासन के बाद लोग वापस लौट गए।
मंगलवार को अनंगपुर गांव में तोड़फोड़ करने गई टीम पर पथराव के बाद भी एक मकान को तोड़ा गया। लेकिन बुधवार को कार्रवाई नहीं हुई। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार अरावली वन क्षेत्र से 6497 अवैध निर्माणों को हटाना है। पिछले महीने हुई कार्रवाई में 75 से ज्यादा अवैध निर्माण हो गिराया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कुछ दिनों के लिए अस्थाई रूप से कार्रवाई पर रोक गया दी गई है। पहले फेज में हुई कार्रवाई की रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी इसके बाद आदेशानुसार कार्रवाई होगी।
मंत्री का आश्वासन- अनंगपुर में नहीं होगी तोड़फोड़ : सैकड़ों लोगों की भीड़ देखकर पुलिस ने बेरीकेडिंग कर दी। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर लोगों के बीच पहुंचे उन्होंने कहा कि गांव में आज के बाद एक भी जेसीबी मशीन नहीं जाएगी। एक भी घर नहीं टूटने दिया जाएगा। बता दें कि मंत्री कृष्णपाल गुर्जर पहले भी इस प्रकार का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी मंगलवार को एक मकान पर कार्रवाई हुई थी। वहीं जिला वन अधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। अनंगपुर में चिन्हित किए गए मकान पर कार्रवाई हुई है।

