March 8, 2026

डायरिया से बचाव के लिए छात्रों को मिला स्वच्छता का ज्ञान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में “स्टॉप डायरिया कैंपेन 2025” के तहत एक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा विभाग हरियाणा और जिला टीकाकरण अधिकारी फरीदाबाद के निर्देश पर किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों और स्टाफ को डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सही तरीके से हाथ धोने और स्वच्छता की अहमियत के बारे में जानकारी देना था।

प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की देखरेख में हुए इस सत्र में शारीरिक शिक्षा अध्यापिका दीपांजलि शर्मा ने हाथ धोने के पांच जरूरी चरणों को छात्रों के सामने करके दिखाया। उन्होंने बताया कि नियमित और सही तरीके से हाथ धोने से डायरिया समेत कई बीमारियों से बचा जा सकता है। बच्चों ने खुद भी हाथ धोकर इसका अभ्यास किया और इसे गंभीरता से समझा।

कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साह से भाग लिया और स्वच्छता को लेकर अच्छी जागरूकता दिखाई। इस सत्र को सफल बनाने में शिक्षकों दीपांजलि शर्मा और दिनेश सिंह का खास योगदान रहा।

प्राचार्य मनचंदा, जो जूनियर रेड क्रॉस और सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड प्रभारी भी हैं, ने छात्रों से अपील की कि वे सीखी गई स्वच्छता की आदतों को अपनी दिनचर्या में अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के अभियान बच्चों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करते हैं।​