March 8, 2026

क्रेडिट कार्ड स्कैम में फंसे भोजपुरी कलाकार, मुंबई पुलिस ने यूपी से दबोचा

Delhi/Alive News: भोजपुरी एक्टर और यूट्यूबर दिलीप कुमार साहू को मुंबई पुलिस ने ठगी के आरोप में उत्तर प्रदेश के कौशांबी से गिरफ्तार किया है। दिलीप पर आरोप है कि वह लोगों को ‘क्रेडिट कार्ड से कैश दिलाने’ के नाम पर ठगता था।

मुंबई के एक बस ड्राइवर से उसने 3.5 लाख रुपये की ठगी की। ड्राइवर को सड़क पर एक विज्ञापन दिखा जिसमें लिखा था – “क्रेडिट कार्ड से कैश पाएं”, और साथ में एक मोबाइल नंबर था। जब ड्राइवर ने इस नंबर पर कॉल किया तो दूसरी तरफ से दिलीप ने बात की और कहा कि वह कार्ड स्वाइप कर कैश दे सकता है, बस 2.5% कमीशन लगेगा।

ड्राइवर को यह ऑफर सही लगा और उसने 13 मई को पहले 20,000 रुपये की ट्रांजेक्शन की, जिसमें उसके खाते में 19,500 रुपये आ भी गए। इसके बाद 16 मई को ड्राइवर ने दोबारा संपर्क किया और 3.5 लाख रुपये निकालने की बात कही। इस बार उसने दो क्रेडिट कार्ड की जानकारी, CVV और OTP सबकुछ दिलीप को भेज दिया।

लेकिन इस बार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में ड्राइवर के कार्ड से कुल 3,50,020 रुपये कट गए, पर उसके खाते में एक भी पैसा नहीं आया।

दिलीप बार-बार कहता रहा कि पैसा आ जाएगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ड्राइवर को तब समझ आया कि उसके साथ धोखा हुआ है। उसने दहिसर साइबर पुलिस में शिकायत की और साइबर क्राइम पोर्टल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच शुरू की और 28 जून को दिलीप को उत्तर प्रदेश के कौशांबी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाई है और 1 जुलाई तक हिरासत में रखा गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दिलीप पहले भी कई बार इसी तरह का फ्रॉड कर चुका है और मुंबई के कांदिवली, गोरेगांव जैसे इलाकों में भी ऐसी घटनाएं कर चुका है।