Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने एक महिला आरोपी नीलम को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। महिला आरोपी को न्यायालय में पेश कर 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 10 जनवरी को फरीदाबाद की ग्रीन वैली निवासी एक महिला द्वारा साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, महिला को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को TRAI का कर्मचारी बताया। ठग ने महिला से कहा कि उसके फोन नंबर का इस्तेमाल लोगों से जबरन पैसे वसूलने के लिए किया जा रहा है। बाद में कॉल करने वाले ने महिला को एक पुलिसकर्मी से बात कराई, जिसने उसे बताया कि उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल केनरा बैंक, मुंबई में एक खाता खोलने के लिए किया गया था। इस खाते में लगभग 6 करोड़ रुपये का अवैध लेन-देन हुआ था। पुलिसकर्मी ने महिला को यह भी बताया कि उसके खिलाफ मुंबई में कई एफआईआर दर्ज हैं, जिसमें आरोप था कि उसके खाते में अवैध धन आया है। इसके बाद महिला को दबाव में डालते हुए आरोपियों ने उसे 11 नवंबर से 29 नवंबर तक हाउस अरेस्ट में रखा और उसकी 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
इसके बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया और साइबर अपराध की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान, महिला आरोपी नीलम की पहचान की गई और उसे अजमेर, राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह एक दाई मां का काम करती है और M.A. की पढ़ाई की हुई है। उसने कमीशन के लालच में आकर अपना खाता आरोपी ऋषिकेश को बेच दिया था। इस खाते में ठगी के लगभग 30 लाख रुपये आए थे। आरोपी ऋषिकेश समेत पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।