March 12, 2026

हरियाणा और पंजाब में गुरुवार को महसूस किए भूकंप के झटके

Haryana/Alive News : हरियाणा और पंजाब में गुरुवार शाम को भूकंप के झटके महसूस किए गए। शाम को 6.10 बजे झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई। जमीन से 10 किलोमीटर नीचे हुई हलचल के कारण धरती में कंपन महसूस हुई। इसके बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पंजाब की सीमा से सटे सिरसा के मंडी डबवाली के पास भूकंप का केंद्र रहा। भूकंप के झटके सिरसा के अलावा राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और पंजाब के अबोहर, बठिंडा और मानसा क्षेत्र में भी महसूस की गई।

यह क्षेत्र भूकंप के जोन 2 में आता है। आमतौर पर ऐसे क्षेत्र में भूकंप का सबसे कम खतरा रहता है। भारत में भूकंप को 4 जोन में बांटा गया है। जिसमें जोन 2, 3, 4 और 5 शामिल हैं। इसको खतरों के हिसाब से आंका जाता है। जोन 2 में सबसे कम खतरा और जोन 5 में सबसे अधिक खतरा होता है। मैप में जोन 2 को आसमानी रंग, जोन 3 को पीला रंग, जोन 4 को संतरी रंग और जोन 5 को लाल रंग दिया गया है। इसमें रोहतक जिले का दिल्ली साइड का क्षेत्र जोन 4 व हिसार साइड का क्षेत्र जोन 3 में आता है।