May 17, 2024

गाजियाबादः निर्माणाधीन गौर एरो सिटी मॉल का लिंटर गिरा, एक मजदूर की मौत, 7 घायल

Uttar Pradesh/Alive News: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां भोपुरा इलाके में निर्माणाधीन गौर एरो सिटी मॉल का लिंटर गिर गया है। लिंटर गिरने के बाद मॉल की साइट पर काम कर रहे एक मजदूर की मौत भी हो गई है। वहीं कुल सात मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में सभी को भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

दरअसल गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र के सिकंदरपुर में बन रहे मॉल का लिंटर गिर गया। लिंटर गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि वहीं पर काम कर रहे 07 मजदूर घायल हो गए हैं। ये हादसा रविवार रात का बताया जा रहा है। रात में करीब 12 बजे अचानक से लिंटर भरभराकर गिर गया। इस हादसे में घायल हुए सभी मजदूरों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद फिर वहां से उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायल मजदूरों की हालत स्थिर बनी हुई है।

8 मजदूर कर रहे थे काम
वहीं इस मामले को लेकर जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सिकंदरपुर थाना टीला मोड़ क्षेत्र में गौर बिल्डर मॉल बना रहे हैं। रविवार की रात तकरीबन 12 बजे सेकेंड फ्लोर का लिंटर गिर गया। घटना के समय 8 मजदूर लिंटर के ऊपर खड़े थे। हादसा होते ही ये सभी मजदूर लिंटर के साथ ही नीचे आ गिरे। इस घटना में एक मजदूर जिसका नाम अमित था, उसकी मौत हो गई है। इसके अलावा बाकी के सात घायल मजदूरों को पहले जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके थोड़ी देर बाद उन्होंने यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती सभी मजदूरों की हालत स्थिर बनी हुई है।