March 8, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 96 लाख की ठगी, जयपुर निवासी खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल फरीदाबाद की पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 7.65 लाख रुपये आए थे।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-28, फरीदाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश से जुड़ा एक लिंक देखा। उस लिंक पर क्लिक करने पर वह व्हाट्सएप ग्रुप “KKRCA Stock Investment Study Group 792” में शामिल हो गया। ग्रुप में मौजूद लोगों की बातचीत और प्रतिक्रिया देखकर वह भी निवेश के लिए तैयार हो गया।

इसके बाद उसे दो और व्हाट्सएप ग्रुप “VIP 1016” जैसे नामों से जोड़ा गया और एक लिंक भेजकर एक खाता खोलने को कहा गया। भरोसे में आकर उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 96,65,000 रुपये का निवेश कर दिया। लेकिन बाद में उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के जयपुर जिले के गांव बगरू निवासी 26 वर्षीय सुनील कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि सुनील ने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था जिसमें ठगी के 7.65 लाख रुपये आए थे। सुनील गांव में मोबाइल की दुकान चलाता है।

पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 3 दिन की रिमांड पर लिया है ताकि उस और पूछताछ की जा सके।