March 8, 2026

क्रेडिट कार्ड चालू करने के नाम पर 95 हजार की ठगी, पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में एक व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड चालू करने के बहाने 95,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

भारत कॉलोनी निवासी पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे एक व्यक्ति ने फोन करके खुद को कोटक महिंद्रा बैंक का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि उसका क्रेडिट कार्ड एक्टिव करना है और इसके लिए एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही पीड़ित ने ऐप डाउनलोड किया, उसके क्रेडिट कार्ड से 95,000 रुपये कट गए।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अखिल तंवर (30) निवासी जय विहार फेस-1, दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि अखिल ने ही पीड़ित को कॉल कर ऐप का लिंक भेजा था। आरोपी बीबीए पास है और गुड़गांव में कपड़े सिलने की एक वर्कशॉप चलाता है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया।