Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल टीम ने शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर 93 लाख 51 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि सेक्टर-86 स्थित ओजोन पार्क अपार्टमेंट निवासी ने शिकायत दी कि एक जुलाई 2024 को उसे व्हाट्सएप पर एक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां शेयर मार्केट और विदेशी बाजार में निवेश के लिए सलाह दी जाती थी।
उससे कहा गया कि वह “DAIWA SECURITIES AI Smart Demat” नामक प्लेटफॉर्म पर डीमैट खाता खोले। शुरुआत में उसने जांच के लिए 10 हजार रुपये निवेश किए, जिसमें से 1 हजार रुपये वापस भी निकाले। इससे वह भरोसे में आ गया और फिर उसने धीरे-धीरे 93.51 लाख रुपये निवेश कर दिए।
कुछ समय बाद उसका संपर्क उन लोगों से टूट गया, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी, जिस पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि जिन खातों में पैसे भेजे गए, उनमें से एक खाता अंकित नामक युवक का था, निवासी बिहार, वैशाली जिले और दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता है। उसने अपना बैंक खाता अमित नामक युवक को दिया था, निवासी दिल्ली , रघुवीर नगर में फुटवियर की दुकान पर काम करता है। अमित ने यह खाता आगे ठगों को दे दिया था।
अंकित के खाते में ठगी के 8 लाख रुपये आए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

