March 7, 2026

फरीदाबाद में 9137 ईडब्ल्यूएस आवेदक पात्र

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र लाभार्थियों को बड़ी राहत मिली है। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त गौरव अंतिल ने बताया कि फरीदाबाद शहर में 9137 आवेदकों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट बुकिंग के लिए प्रथम दृष्टया पात्र पाया गया है।

नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित फ्लैटों की बुकिंग हेतु पोर्टल 29 जनवरी से 2 फरवरी 2026 तक खुलेगा। इस दौरान पात्र आवेदक मात्र 10,000 रुपये की बुकिंग राशि जमा कर फ्लैट बुक कर सकेंगे।

जिला परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने बताया कि पात्र आवेदकों की नामवार सूची जारी कर दी गई है तथा इसकी सूचना समाचार पत्रों के माध्यम से भी प्रकाशित की जा चुकी है। आवेदकों से अपील की गई है कि वे Department of Housing For All, Haryana की आधिकारिक वेबसाइट hfa.haryana.gov.in पर जाकर समय रहते ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया पूरी करें।

योजना के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पानीपत और रोहतक में भी प्लॉट/फ्लैट बुकिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। पात्रता उन्हीं आवेदकों की होगी जिन्होंने योजना में पंजीकरण कराया है और भौतिक सत्यापन में योग्य पाए गए हैं।

अधिक जानकारी के लिए आवेदक हेल्पलाइन नंबर 0172-2585852 पर संपर्क कर सकते हैं।