March 8, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-82 निवासी एक व्यक्ति से शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी कि उसे इंस्टाग्राम पर एक मैसेज आया, जिसमें शेयर मार्केट में निवेश की बात कही गई। बाद में उसे “मॉर्गन एंजेल पायनियर फोरम-94” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां लोग रोजाना अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे।

इनकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने एक लिंक के जरिए ट्रेडिंग खाता खुलवाया और 8 लाख रुपये बताए गए खाते में भेज दिए। लेकिन न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही पैसे वापस हुए।

शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आलोक (28), निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आलोक ने यह बैंक खाता दीपेंद्र से लिया था और आगे ठगों को दे दिया। इससे पहले पूजा और आरती नाम की खाताधारकों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनके खाते में 2 लाख रुपये आए थे।

पुलिस ने बताया कि आगे की पूछताछ के लिए आलोक को 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है।