March 7, 2026

हरियाणवी सिंगरों के 67 गाने होंगे बैन, 29 गायक पुलिस की रडार पर

Chandigarh/Alive News: हरियाणा पुलिस ने अराजकता, हिंसा और गैंगस्टरों का महिमामंडन करने वाले 67 हरियाणवी गानों को आपत्तिजनक मानते हुए बैन करने का फैसला किया है। इन गानों को गाने वाले 29 सिंगर पुलिस की निगरानी में हैं।

पुलिस के अनुसार, इन गानों में हथियारों, गुंडागर्दी और कानून तोड़ने को बढ़ावा दिया गया है, जिससे युवाओं पर गलत असर पड़ रहा है। इसलिए इन गानों को सार्वजनिक जगहों, कार्यक्रमों और कॉन्सर्ट में बजाने पर रोक रहेगी। यदि कोई सिंगर इन गानों को कार्यक्रम में गाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

सबसे ज्यादा गाने किसके?

  • मासूम शर्मा के सबसे ज्यादा 19 गाने
  • नरेंद्र भगाना और अमित सैनी रोहतकिया के 6-6 गाने
  • आशु ट्विंकल के 8 गाने
  • मनीषा शर्मा के 7 गाने
    इसके अलावा अंकित बालियान, गजेंद्र फोगाट, सुमित पार्ता, हर्ष संधू, ढांडा न्योलीवाला सहित अन्य सिंगर भी सूची में शामिल हैं।

पुलिस को किन गानों पर आपत्ति?

  • ‘कोर्ट में गोली’: इस गाने को लाखों लोग देख चुके हैं। पुलिस का कहना है कि इसमें कोर्ट और कानून का मजाक उड़ाया गया है।
  • ‘ट्यूशन बदमाशी का’: इस गाने में हथियारों और अपराध को बढ़ावा देने वाले बोल हैं।
  • ‘60 मुकदमे’, ‘यार तेरा खलनायक’, ‘असलहा का कीर्तन’ जैसे गानों में भी बंदूक, बदमाशी और गैंगस्टर कल्चर दिखाया गया है।
  • ‘18 लाख’ जैसे गानों में पैसा, गाड़ियां और दिखावे को बढ़ावा देने की बात कही गई है।

पुलिस क्या कह रही है?
हरियाणा STF के आईजी सतीश बालन ने कहा कि यह कदम युवाओं पर डिजिटल कंटेंट के गलत असर को देखते हुए उठाया गया है। हिंसा और हथियारों का महिमामंडन समाज में डर और अपराध बढ़ाता है।
वहीं DGP अजय सिंघल ने कहा कि यह कार्रवाई समाज और युवा पीढ़ी के हित में जरूरी है। पुलिस ने अब तक ऐसे 67 गानों की पहचान की है।

पुलिस ने सिंगरों और गीतकारों से अपील की है कि वे भविष्य में हिंसा, गंडागर्दी और हथियारों का प्रचार करने वाले गाने न बनाएं।