March 10, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 6.49 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: सेक्टर-76 निवासी एक व्यक्ति के साथ शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर 6,49,460 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शिकायत दी कि उसे व्हाट्सएप पर एक ग्रुप में जोड़ा गया, जहां रोजाना मुनाफे की जानकारी साझा की जाती थी। लालच में आकर उसने ठगों द्वारा बताई गई एक ऐप डाउनलोड की और उसमें निवेश कर दिया। लेकिन निवेश की गई राशि में से उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय कुमार (32), निवासी तुगलकाबाद एक्सटेंशन, कालकाजी, साउथ दिल्ली को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अजय कुमार ने अपना बैंक खाता आगे दे रखा था, जिसमें ठगी के 1,25,000 रुपये आए थे। आरोपी दिल्ली में रेलवे और एयर टिकट बुकिंग की दुकान चलाता है और बी.कॉम की पढ़ाई कर चुका है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।