April 20, 2024

हटिया रेलवे स्टेशन पर 55 यात्री मिले कोरोना पॉजिटिव, सरकार ने दिए जांच के निर्देश

Ranchi/Alive News : कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। वहीं दूसरी तरफ झारखंड के हटिया रेलवे स्टेशन पर कोरोना के 55 यात्री पॉजिटिव मिले है। 55 यात्रियों के पॉजिटिव मिलने से रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया है। दरअसल, त्योहार के मौसम में अन्य राज्यों में काम करने वाले प्रवासियों के घर आने का सिलसिला जारी है। लोग नवरात्रि के बाद दीपावली और छठ पूजा को लेकर अधिक संख्या में यात्रा कर रहे हैं। इससे कोरोना विस्फोट की आशंका उत्पन्न हो गई है। जानकारी के मुताबिक ये सभी यात्री तपस्विनी एक्सप्रेस और राउरकेला एक्सप्रेस से आए थे।

मिली जानकारी के अनुसार 55 यात्रियों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद अब झारखंड सरकार ने हर यात्री का कोरोना टेस्ट अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। हटिया स्टेशन पर इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने से साफ है कि कोरोना तेजी से अपने पांव पसार रहा है। 

जानकारी के मुताबिक रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए सैंपल देकर ये सभी यात्री अपने घर के लिए रवाना हो गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ये निर्देश दिए गए थे कि कोई भी व्यक्ति यदि कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे आइसोलेशन सेंटर या फिर कोविड सेंटर में रखकर इलाज किया जाएगा। बावजूद इसके यात्रियों को सैंपल लेकर घर जाने की इजाजत दे दी जा रही है। कोरोना वायरस रफ्तार को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के कोरोना टेस्ट का अभियान चलाया जा रहा है।