Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शादी के लिए होटल बुक कर फर्जी भुगतान दिखाकर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नीरज ठाकुर को थाना धौज पुलिस ने पकड़ा है और दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
शिकायत कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल, पाखल के सिक्योरिटी मैनेजर जयविंद्र ने दी थी। उन्होंने बताया कि नीरज ठाकुर नाम के व्यक्ति ने 14 से 17 नवंबर तक शादी के लिए होटल की 97 लाख से ज्यादा की बुकिंग कराई थी। उसने 45 लाख रुपये होटल के खाते में ट्रांसफर किए भी थे। लेकिन जब होटल के सेल्स मैनेजर प्रतीक ने बाकी भुगतान के लिए संपर्क किया तो नीरज ने फर्जी पेमेंट के स्क्रीनशॉट भेज दिए।
17 नवंबर को अकाउंट विभाग से जांच करने पर पता चला कि कोई पेमेंट आया ही नहीं है। इसके बाद जब होटल के कमरे की जांच की गई तो नीरज अपना सामान छोड़कर भाग चुका था।
पुलिस ने जांच करते हुए नीरज ठाकुर (34), निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है और शादी के कार्यक्रम के लिए होटल बुक किया था। असली भुगतान के बाद वह बाकी रकम के फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर होटल से बच निकलना चाहता था, लेकिन पकड़ा गया।
पुलिस अब रिमांड पर उससे आगे की जानकारी जुटा रही है।

