September 6, 2026

मुफ्त जांच शिविर में 37 लोगों की जांच, कई में सामने आई आंखों की समस्या

Faridabad/Alive News: कई बार बीमारी के लक्षण नजर नहीं आते और व्यक्ति खुद को पूरी तरह स्वस्थ समझता रहता है। नियमित जांच होने पर ही शरीर में पनप रही समस्या का पता चलता है। इसी उद्देश्य से सेक्टर-8 स्थित डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र की ओर से भारत विकास परिषद के सहयोग से कोतवाली थाना परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 37 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। जांच के दौरान कुछ लोगों में आंखों से जुड़ी समस्या सामने आई, जिसके बाद उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।

शिविर में लोगों की बीपी, शुगर और आंखों की जांच की गई। इसके अलावा जनरल हेल्थ कंसल्टेशन भी दिया गया। ऑप्टोमेट्रिस्ट ने लोगों की आंखों की जांच की और उन्हें आंखों की देखभाल के बारे में जानकारी दी। जांच के दौरान जिन लोगों में समस्या के संकेत मिले, उन्हें आगे चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य केवल बीमारियों की जांच करना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करना भी है। शिविर में लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, ब्लड प्रेशर और शुगर की निगरानी रखने तथा आंखों से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।

डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र की ओर से समय-समय पर ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। आयोजकों के अनुसार, इन शिविरों के माध्यम से उन लोगों तक स्वास्थ्य जांच की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाता है, जो नियमित रूप से अपनी जांच नहीं करा पाते। समय पर बीमारी का पता चलने से इलाज और बचाव दोनों में मदद मिल सकती है।