March 7, 2026

एक हफ्ते में 32 साइबर अपराधी गिरफ्तार, करीब 20 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थानों ने एक सप्ताह में बड़ी सफलता हासिल की है। 15 से 21 नवंबर के बीच की गई कार्रवाई में 11 मामलों का निस्तारण करते हुए 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनसे कुल 19,74,627 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना एनआईटी के 2, साइबर थाना सेंट्रल के 3 और साइबर थाना बल्लभगढ़ के 6 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा, पुलिस ने 358 शिकायतों का निस्तारण करते हुए 7,71,032 रुपये संदिग्ध खातों में फ्रीज कराए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आकाश, धर्म सिंह, विनोद, शिवम राठौर, समीर, संदीप महतो, हिमांशु, अभिषेक शर्मा, अमन सोनी, आशुतोष राय, जियाउल इस्लाम, कौशल, शिवलाल, नीरज शर्मा समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है क्योंकि लोग जागरूक नहीं हैं और लालच में फंस जाते हैं। कई बार लोग अनजाने में अपनी पर्सनल जानकारी, बैंक डिटेल या ओटीपी किसी के साथ शेयर कर देते हैं, जिससे वे ठगी के शिकार हो जाते हैं। पुलिस ने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा है किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंक जानकारी या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और क्रेडिट कार्ड, बीमा, बिजली-पानी बिल जैसे लालच वाले कॉल से सावधान रहें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या शिकायत www.cybercrime.gov.in पर दर्ज करें।