April 19, 2024

बीते 24 घंटे में सामने आए 30,773 नए मामले, 309 लोगों की हुई मौत

Newb Delhi/Alive News : कोरोना के मामलों में गिरावट आने के बाद एक बार फिर से नए मामले बढ़ने लगे हैं। बीते चार दिन से लगातार कोरोना मरीजों की संख्या 30 हजार के पार बनी हुई है। कोरोना के नए मामलों में बढ़ोत्तरी तीसरी लहर के आने के संकेत दे रही है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 30,773 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 309 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 38,945 संक्रमित मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अलग-अलग हिस्सों में कोरोना के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। करीब एक दर्जन राज्यों में कोरोना के दैनिक मामले एक हजार से ऊपर आ रहे हैं। इससे तीसरी लहर की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों ने भी सितंबर के तीसरे हफ्ते में तीसरी लहर की आशंका जताई थी। ऐसे में देश धीरे-धीरे तीसरी लहर की चपेट में आ रहा है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश. महाराष्ट्र, मिजोरम समेत कई राज्यों में कोरोना की रफ्तार बढ़ती जा रही है। केरल तो अब भी कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ है। राज्य में रोजाना 20 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मरीज निकल रहे हैं।