April 2, 2025

कांग्रेस के 30 साल पुराने कार्यकर्ता ने छोड़ी पार्टी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष से पटका पहनकर थामा भाजपा का दामन

Faridabad/Alive News: आजकल यूं तो पूरा देश ही भाजपा मय होता जा रहा है, इसी कड़ी में फरीदाबाद जिले के गांव नंगला निवासी, कांग्रेस पार्टी के करीब 30 साल पुराने कार्यकर्ता एवं मॉडर्न के डी स्कूल के चेयरमैन मास्टर त्रिलोक चंद तंवर ने वीरवार को एनआईटी विधानसभा के विधायक सतीश फ़ागना, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा की अगुवाई में हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के हाथों से माला और पटका पहनकर भाजपा में शामिल हो गये।

उन्होंने एनआईटी विधानसभा के पांच वार्डो के रोड शो के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली से मुलाकात की और पार्टी में शामिल हो गये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बडौली एनआईटी विधानसभा के पांच वार्डो में रोड शो कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे थे और उनका प्रचार रथ मॉडर्न के डी स्कूल के सामने पहुंचा था। सदस्यता के बाद उन्होंने रोड शो में भी भाग लिया।

मास्टर त्रिलोक चंद तंवर ने बताया कि वह प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जनता के लिए काम करने के नायब तरीके से प्रभावित होकर और भाजपा की जनहितैषी नीतियों से खुश होकर पार्टी में शामिल हुए है। आपको बता दें कि मास्टर त्रिलोक चंद तंवर ने उस समय कांग्रेस को झटका दिया है जब प्रदेश में निकाय चुनाव चल रहें हैं। निकाय चुनाव के समय प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओ का पार्टी को छोड़कर जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका है।

मास्टर त्रिलोक चंद तंवर ने कांग्रेस छोड़ने का कारण पार्टी का जिले में बीस वर्ष से संगठन नही होना और कार्यकर्ताओ का सम्मान नही होना बताया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस में संगठन के नाम पर प्रदेश अध्यक्ष बनाए भी गए तो वो भी सिर्फ कठपुतली बन कर रहे। किसी भी प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसका प्रभाव पुराने और जमीनी कार्यकर्ता पर पड़ना है और वही फर्क हमें सभी चुनावओं मे देखने को मिला भी है, जब लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी बूथ कार्यकर्ता भी उपलब्ध नहीं करा पाई। जाहिर है इस सब का असर आम आदमी से लेकर कार्यकर्ता के मन पर नकारात्मक ही पड़ा।

मास्टर त्रिलोक चंद ने बताया कि जो भी पार्टी कार्यकर्ता की अनदेखी करती है उसका यही हाल होता है जो आज कांग्रेस का हो रहा है। आज कांग्रेस में यह आलम है कि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी की टिकट नहीं लेना चाहता और बल्कि आजाद चुनाव लड़ रहा है।

रोड शो में वार्ड-7 प्रत्याशी सविता सुरेंद्र भड़ाना, पलवल से पूर्व विधायक दीपक मंगला, जिला प्रभारी नरेन्द्र वत्स, वरिष्ठ भाजपा नेता कविन्द्र फागना सहित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी मौजूद रहे।