Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो लोगों से आईपीओ में निवेश के नाम पर ठगी करता था। इस बार आरोपी ने एक युवक से 30 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता सैनिक कॉलोनी, सेक्टर-49 निवासी । उसने पुलिस को बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखा। फिर उस लिंक पर अपनी जानकारी भरी, जिसके बाद उसे व्हाट्सएप कॉल आया और एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। उस ग्रुप में शेयर बाजार की टिप्स दी जाती थीं और ‘एम स्टॉक’ नाम के एक ऐप के जरिए निवेश करने को कहा गया।
आरोपियों ने मिराए एसेट कंपनी का नाम लेकर 100% रिटर्न का लालच दिया। भरोसा कर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 30.50 लाख रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उसने अपने पैसे वापस लेने चाहे तो नहीं मिले। तब जाकर युवक ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी श्रीराम (उम्र 26), निवासी लक्ष्मी नगर, जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था और एटीएम कार्ड अपने पास रखता था। बाद में ठगी की रकम निकालकर ठगों को दे देता था। आरोपी B.A. और B.Ed पास है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा है।

