March 8, 2026

मेगा सीलिंग ड्राइव में 25 संपत्तियां सील, 66 लाख से अधिक बकाया

Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद ने बकायादारों के खिलाफ मेगा सीलिंग ड्राइव के तहत दो दिन में 25 संपत्तियों को सील किया है। इन संपत्तियों पर 66 लाख रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। कार्रवाई के दौरान कुछ बकायादारों ने मौके पर ही 9 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स निगम खाते में जमा कराया।

एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बताया कि यह अभियान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। विभिन्न जोनों में लक्ष्यों के अनुसार कार्रवाई की गई, जिन संपत्ति मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।

उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और संपत्ति मालिक समय रहते बकाया कर जमा करें, ताकि सीलिंग जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। नगर निगम शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और राजस्व के लिहाज से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।