September 30, 2024

हरियाणा में कोरोना के मिले 23 एक्टिव केस, बूस्टर डोज में पिछड़ रहे लोग

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में कोरोना के 6 जिलों में एक्टिव केस हैं। गुरुग्राम में हालात ज्यादा खराब हैं, यहां सबसे अधिक अब तक 16 सक्रिय मामले हैं। चिंताजनक बात यह है कि यहां हर रोज नए केस भी मिल रहे हैं। केंद्र की गाइडलाइन आने के बाद हरियाणा सरकार ने सैंपलिंग बढ़ा दी है। अभी रोज 3 हजार से ज्यादा सैंपल लिए जा रहे हैं।


गुरुग्राम के अलावा फरीदाबाद, पंचकूला में 1-1, रोहतक, यमुनानगर में 2-2 एक्टिव केस हैं। रेवाड़ी में भी एक केस मिला है। कुल मिलाकर राज्यभर में कोरोना के 23 एक्टिव केस हैं।

हरियाणा में 24 घंटे में 4 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 24 घंटे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3801 लोगों के सैंपल लिए थे। राज्य की पॉजिटिविटी रेट दर 0.11% रिकॉर्ड की गई है। रिकवरी रेट 98.98 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया है। राज्य में संक्रमण से अब तक 10 हजार 714 लोगों की मौत हो चुकी है।

हरियाणा के लोग बूस्टर डोज में पिछड़ रहे हैं। अभी तक राज्य में सिर्फ 1953282 लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है, जो राज्य की जनसंख्या का सिर्फ 10 फीसदी ही है। 23672461 लोगों ने पहली डोज लगवाकर 100% लक्ष्य हासिल कर लिया है। वहीं दूसरी डोज 19826749 (88%) लोगों ने लगवाई है।