March 8, 2026

3 दिन से डूबे हरियाणा के 2 गांव, न बिजली न मदद – लोग बोले, या तो हमें यहां से हटा दो या मौत दे दो

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के दो गांव – कुरुक्षेत्र का अजमतपुर और सोनीपत का टोकी मनौली – पिछले तीन दिनों से पूरी तरह पानी में घिरे हुए हैं। अजमतपुर के चारों तरफ मारकंडा नदी का पानी है, जबकि टोकी मनौली यमुना नदी के पानी से घिरा है। दोनों जगह ढाई से चार फीट तक पानी जमा है। टोकी मनौली में बिजली भी तीन दिन से गुल है और मेडिकल इमरजेंसी में कोई सुविधा नहीं है।

प्रशासन नहीं पहुंचा मदद के लिए
दोनों गांवों में अब तक न तो प्रशासनिक टीम पहुंची है और न ही कोई सरकारी मदद। टोकी मनौली के बुजुर्गों का कहना है कि हालात इतने खराब हैं कि पूरे गांव को कहीं और शिफ्ट कर दिया जाए। वहीं अजमतपुर के लोग कहते हैं कि रिश्तेदार लगातार फोन कर गांव छोड़ने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन अपने घर-खेत छोड़कर जाना बहुत मुश्किल है।

अजमतपुर में चारों ओर पानी
कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद स्थित अजमतपुर गांव पूरी तरह पानी से घिर चुका है। गांव के दोनों रास्ते बंद हो गए हैं। घर, गलियां और खेत पानी में डूबे हैं। लोग गेट पर रेत के कट्टे लगाकर और बाल्टियों से पानी निकालकर घर बचाने की कोशिश कर रहे हैं। खेतों में करीब 200 एकड़ फसल बर्बाद हो गई है और आने-जाने के लिए सिर्फ ट्रैक्टर का सहारा है।

टोकी मनौली में बिजली बंद, हालात बदतर
यमुना नदी से घिरे टोकी मनौली गांव में करीब 700 लोग रहते हैं। यहां तीन दिन से बिजली बंद है। कई घरों में पानी घुस गया है, छतें टपक रही हैं और चूल्हा नहीं जल पा रहा। लोग भंडारे के सहारे पेट भर रहे हैं। गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए हालात और भी मुश्किल हैं। गांव में सिर्फ पांचवीं तक स्कूल है, इसलिए कई बेटियां पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हैं।

ग्रामीणों का गुस्सा
गांव वालों का कहना है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने जरूर आते हैं, लेकिन अब कोई हाल पूछने नहीं आया। तीन दिन से अंधेरे और पानी में घिरे ग्रामीण सिर्फ यही मांग कर रहे हैं – या तो हमें बांध के दूसरी तरफ स्थायी रूप से बसाया जाए, या फिर हमें मौत दे दी जाए।