Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल टीम ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का झांसा देकर 16,44,920 रुपये ठगने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 28 अप्रैल को उसे एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। आरोपी ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि उसके पैन और आधार कार्ड का 6.5 करोड़ रुपये के अवैध लेनदेन में इस्तेमाल हुआ है। यह भी कहा गया कि उसे “डिजिटल अरेस्ट” किया गया है, इसलिए वह कमरे से बाहर न जाए और किसी से बात न करे।
इसके बाद ठगों ने पीड़ित से उसके बैंक खातों की जानकारी ली और कहा कि पूछताछ खत्म होने तक वह अपने खाते की सारी रकम उनके बताए खातों में भेज दे। पूछताछ पूरी होने के बाद पैसे वापस कर दिए जाएंगे ऐसा भरोसा दिया गया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 16,44,920 रुपये ठगों को भेज दिए।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करने के बाद साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया अभिषेक कुमार (23), गोपालगंज, बिहार, अमन सोनी (25), अमेठी, यूपी, अशुतोष राय (43), सिंगरौली, मध्य प्रदेश, सूरज सिंह (31), प्रयागराज, यूपी, संतोष कुमार (45), बलिया, यूपी, और जियाउल हक (40), अमेठी, यूपीl
जांच में पता चला कि सूरज और संतोष प्रॉपर्टी का काम करते थे। सूरज ने संतोष का बैंक खाता इंस्टाग्राम के जरिए आगे भेजा, जिसे बाद में अभिषेक, अमन, संतोष और जियाउल हक मिलकर ऑपरेट करने लगे। वे खातों में आने वाली राशि निकालकर आगे ठगों को देते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जिसमें सूरज को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि बाकी पांच आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

