March 7, 2026

कष्ट निवारण समिति की बैठक में 17 में से 14 शिकायतों का मौके पर समाधान: राव नरबीर सिंह

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित शहरी विकास प्राधिकरण के सम्मेलन केंद्र में आज जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने की। बैठक में लोगों की कुल 17 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 14 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार लोगों को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

बैठक में उठे प्रमुख मुद्दे और लिए गए निर्णय:

मेडिकल लापरवाही से जुड़ा मामला: दिव्यांगता की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि यदि पीड़ित को मेडिकल नेग्लिजेंस बोर्ड की रिपोर्ट पर भरोसा नहीं है, तो जांच PGI रोहतक से कराई जाए।

गांव झाड़सेंतली में प्रदूषण: इंडस्ट्रियल प्रदूषण की शिकायत पर अधिकारियों को एक हफ्ते में समाधान पेश करने के निर्देश दिए गए।

प्लॉट धोखाधड़ी मामला: अधिकारियों की समिति बनाकर फर्म के अन्य साझेदारों से बातचीत कर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।

संजय कॉलोनी में पानी की समस्या: मीठे पानी की आपूर्ति के लिए नहरी जल देने के आदेश और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।

अनंगपुर चौक से ग्रीन वैली तक खराब स्ट्रीट लाइट: नगर निगम को 10 सितंबर तक सभी लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश।

सेक्टर 49 की हाउसिंग सोसाइटी चुनाव: 24 अगस्त को चुनाव होंगे, इसके बाद सोसाइटी को नगर निगम को सौंपने की बात कही गई।

गांव मंधावली से चांदपुर तक सड़क निर्माण: अवैध निर्माण हटाने और सड़क सीध में बनाने के आदेश दिए गए।

गांव नगला जोगियान में पानी की सप्लाई: एफएमडीए को एक हफ्ते में जांच कर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बल्लभगढ़-मोहना रोड पर नाले की गुणवत्ता: निर्माण सामग्री की जांच केवल सरकारी लैब (गुड़गांव) से कराने के निर्देश दिए।

संजय मेमोरियल नगर की सड़क व सीवर समस्या: टेंडर खुलने के 30 दिन में काम शुरू कर समय पर पूरा करने के आदेश।

प्रॉपर्टी विवाद: SDM और ACP को मिलकर जांच कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने को कहा गया।

सेक्टर 75-89 में बिल्डर की लापरवाही: मूलभूत सुविधाएं न देने के मामले में 15 अगस्त तक एक्शन रिपोर्ट मांगी गई।

बैठक में बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलक्खा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी, भाजपा नेता, पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता, उपायुक्त विक्रम सिंह, निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।