Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति के साथ शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करीब 13,08,485 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई की सितंबर 2024 में उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला जिसमें शेयर मार्केट में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया था।
ठगों ने उसे एक मोबाइल एप का लिंक भेजा और उस पर खाता बनाकर निवेश करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने उनके कहे अनुसार एप पर 13 लाख से ज्यादा रुपये निवेश कर दिए। लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो वह अपने पैसे निकाल नहीं सका। तब उसे समझ आया कि उसके साथ ठगी हुई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंबादास जगन्नाथ शिरसार (34) निवासी पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में पता चला की अंबादास ने दिलिप शिवाजी नामक व्यक्ति का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के 11,03,485 रुपये जमा हुए थे। आरोपी बी.ए. पास है और फिलहाल बेरोजगार है। अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पहले खाताधारक दिलिप शिवाजी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

