May 20, 2024

श्री सिद्धदाता आश्रम में आलोकित हुए 11 हजार दीये

Faridabad/Alive News: श्री सिद्धदाता आश्रम एवं श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में आज भगवान श्री रामलला की अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 11 हजार दीये आलोकित किए गए। इस अवसर पर भगवान श्रीरामचंद्र का अभिषेक भी किया गया और अयोध्या धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

इस अवसर पर जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने सैकड़ों भक्तों की उपस्थिति में भगवान श्रीराम चंद्र का संप्रदाय रीति से अभिषेक किया और भक्तों को प्रसाद एवं आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि भगवान का अवतार हमें अनेक कष्टों से बचाने के लिए तो होता ही है साथ ही हमें हमारे मूल चरित्र की याद भी दिलाता है। भगवान अपने अवतार में ऐसा चरित्र लेते हैं जो उस समय और आने वाले समय में भी लोगों को मार्ग दर्शन दे सके।

उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भागीदारी की। स्वामीजी ने बताया कि भगवान श्रीराम चंद्र के नवनिर्मित मंदिर में उनके साकार रूप की प्राण प्रतिष्ठा देखना बड़े सौभाग्य का विषय है। इसको भी भगवान का लीला चरित ही समझना चाहिए। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को इस बड़े कार्य का निमित्त बनने को भगवान की कृपा बताया।

उन्होंने कहा कि भगवान अपने भक्तों को अपने बड़े कार्यों में संलग्र ही रखते हैं। स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद सुंंदर मूर्ति विग्रह, अद्वितीय मंदिर में स्थापित हो रही है तो हम सभी को प्रण लेना चाहिए कि हम रामलला के चरित्र को अपने जीवन में स्वीकार करेंगे।एक दिन पहले भी यहां भगवान की शोभायात्रा एवं हवन का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भागीदारी की। इस अवसर पर विहिप से जुड़े श्याम सिंघल, अंशुल गर्ग, अवध प्रताप, प्रवीन गर्ग, मंजु प्रभा, सुभाष चंद्र आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।