February 24, 2025

दीपावली के अवसर पर दिव्यधाम में जलाए गए 11 हजार दीये

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में दीपावली का पर्व बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। यहां 11 हजार मिट्टी के दीये जलाए गए। इस अवसर पर भक्तों ने अपने ईष्ट और गुरु के नाम पर दीये जलाए। अधिपति जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने सभी को प्रसाद एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने बताया कि दीपमालिका के इस पर्व का हमारे जीवन में बड़ा विशेष महत्व है। हमें बाहर किए जाने वाले प्रकाश को अपने जीवन में भी स्वीकार करना चाहिए। इस प्रकाश का अर्थ है हमें अपने जीवन में अच्छाई का संग करना चाहिए। हमें सदगुणों को अपने जीवन में स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने वैकुंठवासी गुरू महाराज की समाधि और दिव्यधाम में भगवान का षोडशोपचार विधि से अभिषेक कर लोकमंगल के लिए प्रार्थना की और भक्तों को प्रसाद प्रदान किया। दीपावली के इस अवसर पर यहां पहुंचे भक्तों ने दीए जलाए और अपनी मन्नतें मांगी। इस अवसर पर दिव्यधाम रंग बिरंगी रोशनियों में बहुत ही अद्भुत लग रहा था।