Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने SIM कार्ड को अपग्रेड करने के नाम पर हुई 11.22 लाख रुपये की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-14 की एक महिला ने शिकायत की थी कि 13 सितम्बर को उसे एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल एजेंट बताया और कहा कि उसका SIM कार्ड E-SIM में अपग्रेड करना है। महिला से जानकारी लेकर ठगों ने उसके मोबाइल नंबर का एक्सेस हासिल कर लिया और उसके बैंक खाते से 11,22,799 रुपये निकाल लिए। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने धनबाद के रहने वाले तीन लोगों.अजय कुमार दास (28), अभिषेक दास (30) और अभिषेक तिवारी (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अजय कुमार और अभिषेक तिवारी ने अपने बैंक खाते ठगों को दे रखे थे, जिनमें कुल 4,60,000 रुपये आए थे। अभिषेक दास ने अजय का बैंक खाता ठगों तक पहुंचाया था। अजय मोटर मैकेनिक का काम करता है, जबकि अभिषेक दास मोबाइल रिपेयरिंग करता है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि मामले की और जांच की जा सके।

