Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले दो दिनों में हत्या, अपहरण, फिरौती, ब्लैकमेलिंग, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और स्नैचिंग जैसे गंभीर मामलों में शामिल 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
राज्यभर में यह अभियान हरियाणा के पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इस अभियान का लक्ष्य वांछित अपराधियों को पकड़कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कई कुख्यात अपराधियों को पकड़ा गया है। इनमें भूद्दत कॉलोनी के वरुण उर्फ छिल्का को हथियारों के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ पहले से 26 मामले दर्ज हैं। इसी तरह, थाना एसजीएम नगर क्षेत्र में स्नैचिंग के मामले में सोनू नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ 12 पुराने मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ये अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत फरीदाबाद पुलिस अब तक 94 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

